कांग्रेस की ओर जनता के बढ़ता रुझान लोकतंत्र के लिए संजीवनी : गोदियाल

 2,688 total views

  • देश की जनता को बरगला रहे हैं पीएम-ओम गोपाल

वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर।

पौड़ी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल के नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र भ्रमण पर यहां उनके स्वागत में जगह-जगह जन सैलाब उमड़ पड़ा। गोदियाल के नरेंद्रनगर, हिंडोलाखाल, दुआधार, आगरखाल,फकोट,खाड़ी,अद्वाणी, गजा, चाका व लसेर पहुंचने पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं व क्षेत्रीय जनता ने उनका ढोल-दमाऊ व फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।

लाव-लश्कर के साथ चुनावी भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जहां कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखते हुए कांग्रेस प्रत्याशी गोदियाल अपनी जीत के प्रति आश्वस्त दिखाई दे रहे थे, वहीं गोदयाल के मार्मिक व सारगर्भित संबोधन ने कांग्रेसियों में कई गुना जोश भर दिया।
अपने चुनावी भ्रमण कार्यक्रम के दौरान गणेश गोदियाल ने उक्त सभी स्थानों पर जगह-जगह कांग्रेसी कार्यकर्ताओं व क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में जितना बड़ा अंतर आज सामने आ रहा है, उससे आम जनमानस अपने को ठगा सा महसूस कर रहा है।

पौड़ी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदयाल ने भाजपा को दोहरे मुखोटे वाली सरकार बताते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में महिलाएं असुरक्षित हैं, बेरोजगारी, मंहगाई, भ्रष्टाचार आज चरम पर है। गोदियाल ने एक के बाद एक ताबड़-तोड़ हमले करते हुए भाजपा को घेरते हुए कहा कि यदि कोई भ्रष्टाचारी भाजपा की गोद में बैठ जाए, तो उसके तमाम कुकृत्य धुल जाते हैं। और यदि कोई अपनी लड़ाई लोकतंत्रात्मक ढंग से लड़ने को आगे आता है, तो उसके पीछे ईडी लगाकर उसे झूठे मामलों में फंसा कर जेल में ठूंस दिया जाता है।

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार, दरिंदों को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा इसका जीता जागता उदाहरण अंकिता भंडारी हत्याकांड है। उन्होंने भाजपा पर जाति व धर्म के नाम पर समाज को तोड़ने,बांटने व दिग्भ्रमित करने का आरोप लगाया।
गोदियाल ने कांग्रेस के प्रति जनता के जबरदस्त रुझान को भारतीय लोकतंत्र के लिए संजीवनी बताया। और कहा कि कांग्रेस सत्ता में आएगी तो लोकतंत्र मजबूत रहेगा।

गोदियाल ने जनता से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए, अपने पक्ष में वोट मांगे। गोदियाल ने कहा कि भाजपा के राज में बेरोजगारी और महंगाई से जनता परेशान है। आलम यह है कि सरकार ने चतुर्थ श्रेणी के पदों को ही समाप्त कर दिया। यही नहीं पहाड़ियों के लिए सबसे सम्मान की सेवा फौज की भर्ती को भी अग्निवीर बनाकर यहां के लोगों के युवाओं के सपनों को चकनाचूर करके रख दिया है।
कहा कि यदि कांग्रेस सरकार सत्ता में आई तो यहां के लोगों को 30 लाख नौकरी की पहली गारंटी मिलेगी। मगर परिवर्तन करना जनता के हाथ में है। इसलिए यहां के सुख-दुख में शामिल होने वाले और जन समस्याओं को उठाने वालों को चुनें।

पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी को अभी तक इंसाफ नहीं मिला है। मुफ्त राशन का ढोल पीट कर बाजार में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। वर्तमान में सांसद तीरथ सिंह रावत सीएम रहते भी यहां के लिए कुछ नहीं कर पाए। इसलिए लोगों को भाजपा की नीयत को समझना चाहिए। अंकिता भंडारी हत्याकांड के अलावा कई ऐसे प्रकरण हैं, जिनसे भाजपा का महिला विरोधी चेहरा साफ दिखता है। पूर्व विधायक ने कहा कि अफसोस तो इस बात का भी है कि, देश के प्रधानमंत्री झूठ बोलकर जनता को बरगला रहे हैं।
इस मौके पर पूर्व ब्लाक प्रमुख वीरेंद्र कंडारी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री,जो समूचे देश को अपना परिवार बताते नहीं थकते, क्या अंकिता भंडारी उनके परिवार की नहीं थी। कंडारी ने कहा कि भाजपा की नियत में ही जबरदस्त खोट है। जिसे आम जनता जान चुकी है। चुनाव में भाजपा की उल्टी गिनती होनी निश्चित है।

इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल सिंह खरोला, देवप्रयाग तथा नरेंद्र नगर कांग्रेस जिले के अध्यक्ष उत्तम असवाल, भास्कर गैरोला, व्यापार उद्योग मंडल के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कंडारी, शिवराज सिंह मियां, राजेंद्र गुसाईं, दिनेश मास्टर जी, जयपाल सिंह नेगी, राजेंद्र राणा, अनिल भंडारी, आशीष रणाकोटी, पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज राणा, कुंवर सिंह चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष साहब सिंह सजवाण, टंखी सिंह नेगी, पूर्व प्रमुख सोबन सिंह नेगी,नरेंद्र रमोला, सुमन नैथानी मौजूद थे।

इससे पहले गोदियाल ने घंटाकर्ण मंदिर में मत्था टेका और उत्तराखंड की शहीद आंदोलनकारी बेलमति चौहान के स्मारक पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम के अंत में दुवाकोटी में टैक्सी दुर्घटना में मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि भी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *