सुबोध उनियाल के मार्गदर्शन व सहयोग के प्रति किया धन्यवाद प्रस्ताव पारित

 3,109 total views

 

  • अधिकारियों के मार्गदर्शन से महिलाएं, विकास कार्यों में ले रही है बढ़-चढ़कर हिस्सा-सत्ये सिंह

वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर।
विकासखंड नरेंद्रनगर की पट्टी दोगी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मिंडाथ के स्थान चोपड़ी के माथीसेरा में हिमगंगा ग्राम संगठन एवं पाव की देवी स्वायत्त सहकारिता के संयुक्त तत्वाधान में क्षेत्र के महिला /पुरुषों की एक विशेष बैठक आहूत की गई।
इस बैठक की अध्यक्षता स्वायत्त सहकारिता एवं कृषि महिला समूह की अध्यक्ष श्रीमती कमला देवी ने की।
महिला/पुरुषों की भारी उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में महिला समूहों के गठन व कृषि क्षेत्र में हुई प्रगति के लिए, कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा क्षेत्र की काश्तकारों को अनाज,सब्जी व फल आदि के बेहतर तौर तरीकों से उत्पादन के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन की प्रशंसा की गई।

बैठक में ग्राम पंचायत के वन सरपंच व क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता सत्ये सिंह दवांण ने ग्राम पंचायत के अंतर्गत कृषि उत्पादन में हुई प्रगति के लिए जहां महिला व पुरुष काश्तकारों की मेहनत की सराहना की, वहीं उन्होंने कृषि विभाग के मुख्य कृषि अधिकारी अभिलाषा भट्ट द्वारा, उनके अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए निर्देशों के मुताबिक काश्तकारों को मिल रहा मार्गदर्शन की मुक्त कंठ प्रशंसा की।
वन पंचायत के सरपंच सत्ये सिंह दवांण व कृषि महिला समूह की अध्यक्ष कमला देवी ने बड़ी संख्या में बैठक में उपस्थित महिला/पुरुष काश्तकारों तथा कृषि विभाग के अधिकारियों के समन्वय से क्षेत्र में हो रही कृषि प्रगति के लिए, विभाग के अधिकारियों व ग्रामीण महिला/पुरुषों के कार्यों की सराहना की।
वन पंचायत के सरपंच तथा महिला समूह की अध्यक्ष ने बैठक में अवगत कराया की ग्राम मिंडाथ व पूर्वाला में लगभग 15 महिला समूह बनाए गये हैं। इन समूहों में 150 से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं।

इस मौके पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रबंधक सौरभ निर्मोही, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के क्षेत्रीय समन्वयक सुमा रणाकोटी द्वारा ग्रामीणों को सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में पूर्ण जानकारी देने तथा सहयोग करने पर इन अधिकारियों के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि सरकार महिला समूहों के उत्साहवर्धन हेतु 20-20 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि के रूप में दे रही है।
कौशल विकास योजना में भी प्रशिक्षण प्रारंभ कर दिया गया है। बताया कि प्रत्येक समूह की गठन पर रू0 600 प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। फॉर्म भरकर सदस्य बनने पर रू0 20 दिए जा रहे हैं। ताकि अधिक से अधिक सदस्य बन सकें व सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकें।
सरपंच सत्ये सिंह दवांण व महिला समूह के अध्यक्ष कमला देवी ने इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक व प्रदेश के वन तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल के मार्गदर्शन व सहयोग की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए, मंत्री के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव पारित करते हुए कहा कि, उन्हीं की प्रेरणा से आज महिलाएं कौशल विकास योजनाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कुछ महीनों पहले महिला समूह को कार्यालय व अन्य विकास कार्यों के लिए 5 लाख की धनराशि स्वीकृत की थी, इसके उपयोग से क्षेत्र में महिला समूह सक्रिय हो पाये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *