निराकार को जानने और समझने का माध्यम है सतगुरु : हरभजन सिंह

 3,508 total views

वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर।

संत निरंकारी मिशन कोई प्रचलित धर्म अथवा संप्रदाय नहीं बल्कि यह सतगुरु के माध्यम से ही मानव जाति को निराकार के बृहद स्वरूप को जानने और समझने का माध्यम है। ये भावनात्मक विचार नरेंद्रनगर स्थित संत निरंकारी मिशन भवन में आयोजित एक विशाल सत्संग के दौरान मसूरी से पधारे जोनल इंचार्ज ज्ञानी संत हरभजन सिंह ने मिशन से जुड़े आस्थावान श्रद्धालुओं को प्रवचन करते हुए कहे।

संत निरंकारी मिशन के क्षेत्रीय संयोजक कल्याण सिंह नेगी के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशाल संत समागम में उपस्थित श्रद्धालु भक्तजनों को प्रवचन करते हुए, जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह जी ने बताया कि निरंकार स्वरूप परमात्मा कण-कण में विराजमान है। निराकार परम ब्रह्म के बिना पत्ता भी नहीं हिल सकता।

ज्ञानी संत ने कहा ईश्वर साक्षात है, आत्म स्वरूप है,अचल,अडोल, सत्य, अजर ,अमर व अविनाशी है। वह जिस जगह है वही सतलोक कहलाता है, क्योंकि ईश्वर ही सत्य है। ज्ञानी संत जोनल इंचार्ज ने प्रवचन करते हुए निरंकारी मिशन की सद्गुरु माता सुदीक्षा जी की ओर से श्रद्धालु प्रेमियों को संदेश देते हुए कहा कि ईश्वर भक्ति में ही, शक्ति निहित है।

लिहाजा निरंकार प्रभु को जान लेने में ही यह लोक व परलोक दोनों ही सुधर जाते हैं। ईश्वर की जानकारी बहुत जरूरी है।
जोनल इंचार्ज ने उपदेश देते हुए कहा कि सद्गुरु हमें परमपिता परमात्मा से जोड़ने का काम करता है तथा मनुष्य भक्ति के साथ-साथ अपनी ज़िम्मेदारियों का निर्वहन करना भी सिखाता है।

जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह जी ने कहा कि मानव को मानव से प्यार होना चाहिए, तभी वह एक दूसरे का सहारा बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मानव सेवा के लिए समय-समय पर संत निरंकारी मिशन के द्वारा रक्तदान शिविर , सफाई अभियान चला कर एक स्वच्छ संदेश देने का कार्य भी किया जाता है।

उल्लेखनीय है कि बरसों-बरसों से नरेंद्रनगर स्थित संत निरंकारी मिशन सहित क्षेत्रीय संयोजक का दायित्व निभा रहे कल्याण सिंह नेगी के उद्योग विभाग से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पद से सेवानिवृत होने के उपलक्ष में आयोजित इस विशाल सत्संग में कल्याण सिंह नेगी व उनके परिवार के प्रति उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने दीर्घायु व उज्जवल भविष्य की कामना की।

उद्योग विभाग में निर्विवाद तथा निष्पक्ष बेहतरीन सेवा देने के बाद अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर सेवानिवृत हुए कल्याण सिंह नेगी के द्वारा विशाल भंडारे के आयोजन किया गया। इस मौके पर मिशन की क्षेत्रीय संयोजक कल्याण सिंह बाहर से आगंतुकों व उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए, आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर गब्बर सिंह चौहान, केवल राम पेटवाल, कुंदन सिंह रावत, मीना खाती, दुर्गा राणा, बीना नेगी, दीपक नेगी, ज्योति नेगी, राजेन्द्र सिंह रणा आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *